World environmental Day-2026
विश्व पर्यावरण दिवस 2026 के अवसर पर उन्नत भारत अभियान एवं एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी, चुनार द्वारा “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वृक्षारोपण जन आंदोलन 2024-25 तथा “पेड़ लगाओ–पेड़ बचाओ” जन अभियान 2024 के अंतर्गत संपन्न हुआ।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए पौधरोपण किया तथा पौधों की सुरक्षा एवं संरक्षण का संकल्प लिया। इस अवसर पर पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश भी दिया गया।
एपेक्स ट्रस्ट के चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह के दिशा-निर्देशन एवं एपेक्स इंस्टीट्यूट ऑफ फार्मेसी के प्रधानाचार्य प्रो. डॉ. सुनील मिस्त्री के नेतृत्व में संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, कर्मचारियों एवं छात्र-छात्राओं द्वारा विभिन्न फलदार एवं छायादार पौधों का रोपण किया गया। इनमें अमरूद, नींबू, आंवला, कटहल, जामुन, अनार, बेल, केसिया श्यामिया एवं सहजन जैसे पौधे शामिल रहे।
इस अवसर पर चेयरमैन प्रो. डॉ. एस.के. सिंह ने कहा कि बढ़ती ग्लोबल वार्मिंग एवं पर्यावरणीय असंतुलन आज पूरी मानवता के सामने एक गंभीर चुनौती है। वृक्षारोपण केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के सुरक्षित भविष्य के लिए हमारी सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने सभी नागरिकों से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने, उनकी नियमित देखभाल करने तथा पर्यावरण संरक्षण एवं जैव विविधता संवर्धन के इस जनआंदोलन से जुड़ने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान को सफल बनाने एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु निरंतर प्रयास करने का संकल्प लिया।